लघु कथाएँ - एक नई और सही शुरुआत पढ़ने की।

Published By Paperwiff

Tue, May 31, 2022 12:41 AM

देखन मे छोटे लगैं घाव करैं गम्भीर!

जी हाँ ये उक्ति लघुकथा या शॉर्ट स्टोरी पर सटीक बैठती है। आजकल के डिजिटल युग मे जहाँ सबसे ज्यादा क़ीमती और कम कोई चीज़ है तो वह है समय! लोग कम समय में ज्यादा काम करना चाहते हैं और समय की कमी के कारण पसन्दीदा चीजे नहीं कर पाते हैं। ये कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि साढ़े तीन घण्टे की फ़िल्मों के साथ ही कुछ मिनटों की शॉर्ट फिल्म में लोगों की रुचि बढ़ी है ठीक वैसे ही लम्बे वीडियो के स्थान पर साठ सेकंड के अंदर आने वाली रील वीडियो प्रचलित हुई है। ठीक उसी प्रकार अच्छा पढ़ने की रुचि को बड़े उपन्यासों के बीच ना बाँधकर लघुकथा पर स्थान्तरित किया जा रहा है। ये पाठक को बांधती है, पढ़ने के आनंद के साथ कम समय में पूरा पढ़ पाने की संतुष्टि भी प्रदान करती है।

 लघु कथाओं या शॉर्ट स्टोरी के कई लाभ हैं जो उन्हें डिजिटल समय में पढ़ने योग्य बनाते हैं।  लघु कथाओं का सबसे पहला लाभ है उनका संक्षिप्त रूप! यहाँ "लघु" का अर्थ केवल शब्दों या वर्णों की संख्या नहीं है। इसका अर्थ इसकी तेज गति, तीक्ष्ण कथानक और संक्षिप्त रूप भी है। यह दावा नहीं किया जा रहा है कि लघुकथा उपन्यास का विकल्प है परंतु यह ठीक वैसे ही है जैसे यू ट्यूब सिनेमा का विकल्प ना होकर भी टक्कर दे रहा है। जैसे किसी से मिलकर आमने-सामने की बातचीत को सोशल मीडिया के चैट ने वास्तविकता मे एक विकल्प का रूप दिया है। सब कुछ तेजी से बदल रहा है और हमे भी इस बदलते स्वरुप के साथ चलना होगा। एक समय था जब पारंपरिक प्रकाशन का उपयोग होता था और लघु कहानी को ज्यादा गंभीरता से लेकर कम पन्नों की किताब के रूप छापने और वितरित करने का खर्च वहन करने का जोखिम जल्द कोई नहीं उठाता था आजकल, प्रकाशन का तरीका भी बदल चुका है और लेखक किसी भी लेखन को डिजिटल रूप में प्रकाशित कर सकते हैं। लघुकथा नए समय में तेजी से प्रसिद्ध होते हुए भी पुरानी विधा है। हम लघु कथाओं के पुनरुत्थान की बात नहीं कर रहे हैं लेकिन लघु कथाएँ डिजिटल समय में पठन के पुनरुद्धार का सबसे प्रभावी साधन बन सकती हैं।

तो लघुकथा या शॉर्ट स्टोरी कैसे बन सकती है फायदेमंद आपके पढ़ने के लिए, आइए एक नजर डालते हैं —

1. एक बार मे ही रचना पढ़ कर पूर्ण करना - वाह यह किताब, यह उपन्यास दिलचस्प लगती है, लेकिन इसे पढ़ने का समय नहीं है, तो शुरू कैसे करें? लघु कथा के साथ फायदा यह है कि आप एक बार में पूरी रचना पढ़ेंगे। पढ़ने के लिए समय न होना एक प्रमुख कारण है कि लोग किताबें पढ़ना बंद कर देते हैं। हालांकि वह किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऑडियो विजुअल माध्यम पर समय खर्च कर रहे होते हैं जो उन्हें कुछ ही समय में मनोरंजन के दृष्टिकोण से संतुष्ट कर रहा हो। वह जानते हैं कि एक उपन्यास में, अंतिम पंक्ति, अंतिम पन्ने तक जाने तलक उत्कंठा बनी रहेगी और इसमे कई सत्र लग सकते हैं। एक शॉर्ट स्टोरी का समापन अगले पांच या पंद्रह मिनट में हो सकता है। 

2. सम्पूर्णता का आनंद — जब हम कोई रचना पढ़ कर समाप्त करते हैं तो क्या होता है? कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह एक उपन्यास है, एक कहानी है, एक निबंध है, या एक लघुकथा है, हम एक अद्भुत भाव प्राप्ति की उम्मीद करते हैं। यही वह उपलब्धि की भावना है जो एक पूरी कहानी पढ़ने के बाद आती है। यही कारण है कि किताब को पढ़ कर पूरा खत्म करना इतना महत्वपूर्ण हो जाता है और समयाभाव या अरुचि के कारण हम अंत से पहले पढ़ना छोड़ देते हैं, और बेहद निराशा होती है। पढ़ना एक यात्रा पर जाने जैसा है। भावनाएँ और गतिशीलता समान हैं: अपेक्षाओं से लेकर उत्साह तक, संदेहों से लेकर संपूर्णता तक, हर्ष और विषाद तक। कल्पना कीजिए कि आप इन अज्ञात दुनियाओं में से एक के लिए उड़ान भर सकते हैं और एक कप चाय खत्म करने से पहले वापस आ सकते हैं।

 3. निरन्तर पढ़ते रहने का प्रोत्साहन— जो लोग कई किताबें अधूरी छोड़ देते हैं, धीरे-धीरे नई किताबें कम पढ़ने लगते हैं। एक सोच कि हम पूरा पढ़ नहीं पा रहे हैं यह हतोत्साहित करती है। ऐसी स्थिति में और खासकर जब आपने नया नया पढ़ना शुरू किया है, लघुकथाएं उत्तम विकल्प है, अब आप आगे बढ़ने, आगे पढ़ने के लिए स्वतंत्र हैं! आप अपनी मनपसंद शैली का पता लगा सकते हैं या कई कलेवर वाली कथायें पढ़ सकते हैं। अनुभव नया होगा, आनन्द नया होगा। अगर पसंद नहीं आई तो समय का नुकसान कम होगा।

 4. नई शैलियों और लेखकों को आजमाने का आसान तरीका — सोचिए कि आपने हॉरर कभी नहीं पढ़ा है परंतु फ़लां लेखक की हॉरर कथायें अगर आपको शॉर्ट स्टोरी के रूप में मिल जाए तो कितना बढ़िया हो! एक बार पढ़ने का रिस्क लिया जा सकता है! तो यह वही जगह है जहाँ लघु कथाएँ बेहद काम आती हैं। इसी प्रकार यदि आप अपने पिछले पठन से संतुष्ट नहीं होते हैं तो तुरंत, कम समय में नई शैली के लेखक और कथाओं को एक मौका देकर देख सकते हैं।

 5. उपन्यासों के बीच एक ब्रेक के तौर पर कभी- कभी, एक लंबा, आकर्षक, और गहराई से भरा उपन्यास खत्म करने के बाद, ब्रेक लेना अच्छा होता है। परंतु उपन्यास से ब्रेक लेने का मतलब यह नहीं है कि पढ़ने से ब्रेक लेना ही होगा। एक आसान तरीका है लघुकथा या शॉर्ट स्टोरीज को पढ़ना। आप एक लघु कहानी संग्रह पढ़ सकते हैं और थोड़ी-थोड़ी देर के लिए नई कहानियों में गोता लगा सकते हैं।

 6. पढ़ने की आदत मे नियमितता लाने मे सहयोगी — आज के समय में अगर दो मिनट का खाली समय मिलते ही हम अपने स्मार्टफोन निकालते हैं और अपना फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम देखते हैं। और आखिर इतने कम समय का सदुपयोग कैसे हो? तो क्यों ना हम लघुकथाओं को एक मौका दें?  किताब साथ ले जाने की जरूरत भी नहीं, इन्हीं सोशल साइट्स और अन्य हज़ारों वेबसाइट पर ख्यातिप्राप्त लेखकों से लेकर नए लेखकों की शॉर्ट स्टोरीज उपलब्ध है वो भी लगभग मुफ्त !

लघु कथाएँ छोटे-छोटे टुकड़ों में पढ़ने के लिए उपयुक्त हैं। एक अकेला हिस्सा पूरी कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। उपरोक्त बातों के अतिरिक्त यह भी एक सत्य है कि कुछ लोग उपन्यास पढ़ना इतना पसंद करते हैं कि उनके लिए लघु कथाएँ कभी भी एक गंभीर प्रकार की पठन नहीं बनेंगी। लेकिन जो पढ़ना शुरू करना चाहते हैं, व्यस्ततम दिनचर्या के बीच उसे आदत मे शुमार करना चाहते हैं उन पाठकों के लिए, यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

पेपर विफ पर शॉर्ट स्टोरीज पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें https://www.paperwiff.com/topics/fiction

-सुषमा तिवारी (पेपर विफ)