भारतीय सिनेमा का वो सुनहरा और कठिन दौर
पुराने सिनेमा की दुनिया ऐसे अनगिनत किस्सों से भरी हुई है, जिन्हें आज सुनो तो वे लगभग अविश्वसनीय लगते हैं।
Published By Paperwiff
Thu, Oct 8, 2026 12:00 PM
आज हम तकनीक से भरपूर हैं। हमें लगता है कि हर चीज़ चुटकी बजाते ही हो जाती है। लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब भारतीय फिल्म इंडस्ट्री बेहद सीमित साधनों के साथ काम करती थी।
उसी दौर के कुछ दिलचस्प किस्से आज आपके लिए…
•जब हीरो को खुद गाना पड़ता था…
आज फिल्मों में एक सीन शूट करने के लिए VFX, ग्रीन स्क्रीन और हाईटेक कैमरों के साथ एक पूरी टीम लगी होती है।
लेकिन एक दौर ऐसा भी था, जब फिल्में तकनीक से नहीं, जुनून से बनती थीं।
उस समय कलाकार सिर्फ अभिनय नहीं करते थे… वे खुद गाते थे, नाचते थे और कई बार खतरनाक दृश्य भी बिना डुप्लीकेट के करते थे।
एक छोटी सी गलती पूरे सीन को दोबारा शूट करा देती थी।
पुराने सिनेमा की दुनिया ऐसे अनगिनत किस्सों से भरी हुई है, जिन्हें आज सुनो तो वे लगभग अविश्वसनीय लगते हैं।
•एक फिल्म… और पूरे 72 गाने..!
आज अगर किसी फिल्म में 5–6 गाने आ जाएं तो लोग पूछने लगते हैं, “इतने गाने किसलिए?”
लेकिन 1932 में एक फिल्म आई थी इंद्रसभा, जिसमें थे पूरे 72 गाने।
जी हां… बहत्तर।
गजलें, ठुमरियां, होली गीत, छंद - उस दौर की लगभग हर संगीत शैली उस फिल्म में शामिल कर दी गई थी।
असल में उस समय फिल्मों का रिश्ता थिएटर और संगीत से इतना गहरा था कि लोग कहानी से ज्यादा गानों के लिए सिनेमाघर पहुंचते थे।
हैरानी की बात ये है कि आज तक भी उस रिकॉर्ड के आसपास कोई फिल्म नहीं पहुंच सकी।
•जब कलाकारों को “प्लेबैक” का सहारा नहीं था..
आज अभिनेता स्क्रीन पर सिर्फ होंठ हिलाते हैं और पीछे किसी गायक की आवाज होती है।
लेकिन शुरुआती फिल्मों में ऐसा नहीं था।
कैमरा चलता था… और कलाकारों को लाइव गाना पड़ता था।
सोचिए, उस दौर में म्यूजिशियंस कैमरे के पीछे या पेड़ों पर छुपकर वाद्य यंत्र बजाते थे ताकि उनकी आवाज रिकॉर्ड हो सके और वे फ्रेम में भी न आएं। और अगर गाना गाते समय किसी का सुर बिगड़ जाए या कोई लिरिक्स भूल जाए, तो पूरा दृश्य फिर से शूट करना पड़ता था।
यही वजह थी कि उस दौर के कलाकार केवल अभिनेता नहीं, बल्कि सम्पूर्ण कलाकार होते थे।
•पोस्टर आर्ट का जमाना
आज फिल्मों के पोस्टर कंप्यूटर पर डिज़ाइन होते हैं। लेकिन एक समय ऐसा था, जब बड़े-बड़े पोस्टर हाथों से पेंट किए जाते थे।
कलाकार कई मंजिल ऊंचे कपड़ों पर ब्रश से चेहरों को रंगते थे। कई बार पोस्टर इतने खूबसूरत बनते थे कि लोग उन्हें देखकर ही फिल्म देखने का मन बना लेते थे।
•जब फिल्म देखना भी एक उत्सव हुआ करता था..
आज लोग मोबाइल पर फिल्म देखते-देखते बीच में रील्स भी स्क्रॉल कर लेते हैं।
लेकिन पुराने दौर में फिल्म देखना अपने आप में एक अनुभव हुआ करता था।
लोग अच्छे कपड़े पहनकर परिवार के साथ सिनेमाघर जाते थे। टिकट खिड़की पर लंबी लाइनें लगती थीं। इंटरवल में समोसे और कोल्ड ड्रिंक भी किसी छोटी दावत जैसे लगते थे।
शायद यही कारण है कि पुरानी फिल्में आज भी याद रहती हैं। उन फिल्मों में तकनीक से कहीं ज्यादा एहसास होते थे। संवादों में ठहराव होता था, गानों में आत्मा और कहानियों में सादगी होती थी।
क्या आपको भी कोई ऐसी पुरानी फिल्म याद है जिसे देखकर लगा हो —
“ये सिर्फ फिल्म नहीं… एक पेंटिंग है।”
या फिर .. “ये तो पूरी कविता है…”
अपना अनुभव हमसे जरूर साझा करें। पेपरविफ के स्टोरी सेक्शन में जाकर अपनी यादें लिखें और कैटेगरी में #फिल्म चुनें।