In caption: 'K' and 'K'

Published By Paperwiff

Wed, Sep 1, 2021 12:26 PM

शीर्षक- 'की' व 'कि' में भिन्नता

पाठकगण को मेरा नमस्कार। आज मैं आपसे एक प्रश्न करना चाहती हूँ कि क्या दिखने में छोटी-छोटी लगने वाली त्रुटियाँ, त्रुटियाँ नहीं होती? आपका उत्तर क्या है? मेरा उत्तर तो है हाँ, होती हैं। कई स्थानों पर मात्र एक मात्रा में परिवर्तन से ही पूर्ण अर्थ परिवर्तित हो जाता है। एक मात्रा ही काफ़ी होती है अर्थ का अनर्थ करने के लिए। छोटी-छोटी लगने वाली त्रुटियाँ भी रचना की वास्तविकता को उतना ही प्रभावहीन बनाती हैं जितना कि कोई और बड़ी लगने वाली त्रुटि। इसलिए आवश्यक है निरंतर सीखते रहना जिससे त्रुटि होने की संभावना कम होती जाती है। प्रिय पाठकों बेहतर लिखने की कोशिश में हम लेकर आते हैं हर सप्ताह आपके लिए एक ब्लॉग। जहाँ हम प्रयास करते हैं लेखन संबन्धी हर छोटी-बड़ी ज्ञानवर्धक जानकारी को शेयर करने की। जी हाँ, उसी श्रेणी में आज हम बात करेंगे 'की' व 'कि' के अन्तर की। 

'की' व 'कि' में भिन्नता:- ये दोनों शब्द देखने में बहुत हद तक समान लगते हैं जिससे कई व्यक्ति भ्रमित होते हैं परंतु इनका प्रयोग पूर्णतः भिन्न होता है। दोनों के अर्थ अलग हैं व एक दूसरे के स्थान पर इनका प्रयोग पूर्णतः अशुद्ध है।आइए जानते हैं इन शब्दों का प्रयोग कहाँ व कैसे किया जाता है। 'की' का प्रयोग निम्न प्रकार से किया जाता है-

 • दो शब्दों को जोड़ने व संबंध दर्शाने के लिए- किसी संज्ञा या सर्वनाम को किसी अन्य संज्ञा शब्द से जोड़ने के लिए या संबंध स्थापित करने के लिए 'की' का प्रयोग किया जाता है।जैसे- 1. रानी की किताब।पहली संज्ञा 'रानी' का संबंध दूसरी संज्ञा 'किताब' से बताया गया है।2. उसकी गाड़ी। (उस + की) सर्वनाम 'उस', संज्ञा 'गाड़ी'। नोट:- 'की' के बाद सदैव स्त्रीलिंग शब्द का प्रयोग होता है।

 'कि' शब्द के प्रयोग निम्न प्रकार हैं-

• वाक्यों को जोड़ने के लिए- 'कि' एक संयोजक शब्द (Connective word) है अतः यह दो वाक्यों को जोड़ने का कार्य करता है। यह शब्द पहले वाक्य के अंत में तथा दूसरे वाक्य के प्रारंभ होने के बीच लिखा जाता है। पहले वाक्य को मुख्य वाक्य व दूसरे को आश्रित वाक्य कहा जाता है। जैसे:- चारु ने कहा कि एक कविता लिखो। मुख्य वाक्य "चारु ने कहा" तथा आश्रित वाक्य "एक कविता लिखो"।  • 'या' के स्थान पर- कभी-कभी 'या' के स्थान पर भी 'कि' का प्रयोग किया जाता है। इस तरह 'कि' का प्रयोग विभाजन के लिए किया जाता है। जैसे:- तुम स्कूल जाते हो कि (या) मैदान।

नोट:- 'कि' का प्रयोग सदैव क्रिया (Verb) के बाद होता है। 

देखा आपने मात्र एक मात्रा से ही दोनों शब्दों का अर्थ और प्रयोग कितना भिन्न हो जाता है। त्रुटिहीन रचना पाठकों के मन में विशेष छाप छोड़ती है अतः कोशिश करनी चाहिए कि छोटी-छोटी दिखने वाली त्रुटियों को भी लिखने व पढ़ने के सफ़र में अटकल ना बनने दिया जाए। आशा करती हूँ कि रचनाकारों को 'की' व 'कि' के प्रयोग से सम्बन्धित जितनी भी उलझन या समस्या थी वह अब समाप्त हो चुकी होगी।लिखते रहिए, पढ़ते रहिए। 

चारु चौहान